केशवपुरम इलाके में मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल से घर लौट रहे तीन छात्रों को कुचल दिया। हादसे में दो की मौत हो गई, वहीं तीसरा छात्र घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रक समेत भाग रहे चालक को लोगों ने दबोचकर उसकी जमकर धुनाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। केशवपुरम थाना पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब चार बजे सूचना मिली कि केशवपुरम सब्जी मंडी के पास एक ट्रक ने तीन स्कूली बच्चों को कुचल दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने भाग रहे ट्रक चालक त्रिनगर निवासी सुरेंद्र को पकड़कर उसकी पिटाई कर रहे थे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया और जख्मी तीनों छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।