शिक्षा विभाग की स्कूल राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज मंगलवार से हो चुका है। भिन्न खेल प्रतियोगिता राज्य के अलग-अलग जिले में आयोजित हो रही है।
मंगलवार को पंचकूला में आयोजित 50वीं हरियाणा स्टेट स्कूल गेम्स में ताइक्वांडों प्रतियोगिता में फरीदाबाद की लड़कियों की टीम ने तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
इसमें श्री राम मॉडल स्कूल की खुशबू, एनआईटी तीन स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की पूजा और इसी स्कूल की अमरजीत ने अलग अलग आयुवर्ग में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है।
वहीं शैली ने अंडर-17 के 48 किलोग्राम भारवर्ग पर रजत पदक हासिल किया। जबकि सेक्टर-16 स्थित न्यू विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल की प्रिंयका, डीएवी की ट्विंकल ने कांस्य पदक हासिल किया।
सहायक जिला शिक्षा अधिकारी खेल गुरदीप सिंह संधू ने बताया कि फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यहां स्वर्ण व रजत पदक विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय स्कूल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हरियाणा स्कूली टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।