नोएडा के ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट बुधवार शाम को अचानक बंद हो गई। इससे तीन लोग लिफ्ट में फंस गए। मेट्रो स्टेशन प्रबंधन की तरफ से कोई मदद नहीं मिली और करीब एक घंटे तक तीनों लोग लिफ्ट में ही फंसे रहे।
इस दौरान लिफ्ट में फंसे एक युवक ने 100 नंबर पर पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी ने तीनों को सकुशल बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम को 100 नंबर सूचना आई कि तीन लोग एक घंटे से ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट में फंसे हुए हैं। इसके बाद पीआरवी 1841 तुरंत मौके पर पहुंची।
पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल सोहनवीर, कांस्टेबल सतेंद्र नागर और चालक राम किशन ने एक मिस्त्री की सहायता से लिफ्ट में फंसे विनोद कुमार, श्रीशांत शर्मा और मेट्रो सफाईकर्मी मुकुल कुमार को बाहर निकाला।
लिफ्ट में फंसे विनोद ने ही पुलिस को शाम करीब पांच बजे सूचना दी थी। विनोद ने बताया कि उनके साथ दो लोग और करीब 1 घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे। मेट्रो स्टेशन प्रबंधन की तरफ उन्हें कोई मदद नहीं मिली। काफी देर तक लिफ्ट में बंद रहने से उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी।