अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक आभूषण कारोबारी के कर्मचारी समेत तीन लोगों रुपेश कुमार (24), सचिन उर्फ विकास (24) और पवन कुमार (21) को गिरफ्तार किया है। कर्मचारी पर उत्तरी दिल्ली के चांदनी चौक में चांदी की खरीद के लिए मिले 54 लाख रुपये लेकर फरार होने का आरोप है। सभी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार के निवासी हैं।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने बताया कि मामला छह फरवरी को दर्ज हुआ था। इसमें चांदनी चौक के एक आभूषण कारोबारी ने आरोप लगाया था कि उसका कर्मचारी रुपेश 54 लाख रुपये लेकर भाग गया है। उन्होंने बताया कि रूपेश को यह पैसे पांच फरवरी को बाजार में देने के लिए कहा गया था। पुलिस ने अभियान के दौरान रूपेश के पास से 27 लाख रुपये नकद, सचिन से 2.5 लाख रुपये और पवन से दो लाख रुपये के साथ-साथ आठ लाख रुपये की जमा रसीदें और एक कार बरामद की है।