नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय(डीटीयू) ने पीएचडी कार्यक्रम के कोर्स वर्क में ऑनलाइन मूक पाठ्यक्रम शामिल करने को मंजूरी दी है। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने सर्कुलर जारी किया है। इसके अनुसार विश्वविद्यालय ने पीएचडी छात्रों के लिए तीन पाठ्यक्रमों को स्वीकृति दी गई है। इसमें रिसर्च मेथडोलॉजी एंड स्टैटिस्टिकल एनालिसिस, रिसर्च एथिक्स एंड प्लेजरिज्म और रिसर्च एंड पब्लिकेशन एथिक्स शामिल हैं। यह सभी पाठ्यक्रम स्वयं प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित होंगे।
रिसर्च मेथडोलॉजी एंड स्टैटिस्टिकल एनालिसिस 16 सप्ताह का छह क्रेडिट का पाठ्यक्रम है। जिसे डीटीयू के पीएचडी कोर्स वर्क में चार क्रेडिट के बराबर माना जाएगा। वहीं, दोनों एथिक्स संबंधी पाठ्यक्रम आठ-आठ सप्ताह के और दो-दो क्रेडिट के हैं। विश्वविद्यालय ने इन्हें पीएचडी कोर्स वर्क में संचालित संबंधित कोर कोर्स के उपयुक्त विकल्प के रूप में अनुशंसित किया है। डीटीयू ने इन पाठ्यक्रमों में पंजीकरण की आखिरी तारीख 31 अगस्त तय की है। ब्यूरो