दिल्ली में बृहस्पतिवार को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कोरोना वायरस से संक्रमित तीन लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, 51 और नए संक्रमित सामने आए हैं। कैंसर अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। इसी के साथ ही दिल्ली में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 720 हो चुकी है। इनमें से 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
नए मिले 51 में से 35 मरीज ऐसे हैं, जो हाल ही में विदेश से लौटने वालों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। वहीं, चार मरकज से निकाले जमाती हैं। इनके अलावा 12 मरीजों की पहचान अभी चल रही है। उधर, पांच संक्रमित मरीजों को ठीक होने पर अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में अब तक सर्वाधिक 430 तब्लीगी जमाती संक्रमित मिले हैं, वहीं 25 मरीज स्वस्थ्य होकर घर जा चुके हैं। इनके अलावा 605 सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार है। सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज लोकनायक (195), राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी (110) और एम्स झज्जर कैंपस में 140 संक्रमित भर्ती हैं। इनके अलावा 134 संक्रमित मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में उपचार दिया जा रहा है।
गंगाराम अस्पताल में एक और स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित
गंगाराम अस्पताल में एक और स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिला है। इसे मिलाकर यहां अब तक दो कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अस्पताल में भर्ती दो मरीजों से संपर्क में आए 108 डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ को क्वारंटीन पर भेजा जा चुका है। इनमें से छह लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें से दो संक्रमित मिले हैं। 108 में से 23 स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल में ही भर्ती किया हुआ है।
कैंसर अस्पताल में तीन और कोरोना संक्रमित मिले
दिल्ली के कैंसर अस्पताल में उपचार करा रहे तीन मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इससे पहले अस्पताल में तीन डॉक्टरों सहित 21 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। अस्पताल के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में भर्ती कैंसर मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से तीन की रिपोर्ट पॉजीटिव मिली है।