दिल्ली में देर रात बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पूर्वोत्तर दिल्ली में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद कुख्यात हाशिम बाबा गिरोह के तीन बदमाश घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन के पास हुई गोलीबारी में दो पुलिस अधिकारियों को भी मामूली चोटें आईं हैं। बताया जा रहा है कि बदमाश सीलमपुर में अरबाज हत्याकांड में शामिल थे।
घायल बदमाशों की पहचान अली उर्फ फहद, आसिफ उर्फ खालिद और अलसेजान उर्फ थोथा के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी तीनों हाशिम बाबा गिरोह के सदस्य हैं और नौ मार्च को हुई गोलीबारी की घटना में वांछित थे।
नॉर्थ ईस्ट के डीसीपी जॉय टिर्की ने कहा, 'सीलमपुर में दो दिन पहले फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें अरबाज नाम के एक शख्स की मौत हो गई थी और एक घायल हो गया था। हमने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। हमारे स्पेशल स्टाफ को आरोपियों की जानकारी मिली। आज की मुठभेड़ लगभग 1.30 बजे हुई। हमने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन उन्होंने पुलिस पर गोलियां चला दीं। तीनों की पहचान कर ली गई है। सीलमपुर घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। आज दोनों तरफ से करीब 23-24 गोलियां चलीं। तीनों पर केस दर्ज है।'