राजधानी में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक सवार बदमाशों ने दिल्ली पुलिस के एक हवलदार की कनपटी पर पिस्टल लगाकर लूटपाट की और फरार हो गए। शिकायत पर नरेला औद्योगिक थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, जगराम (49) दिल्ली पुलिस में हवलदार हैं और सपरिवार नरेला पुलिस कालोनी में रहते हैं। फिलहाल वह पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज वजीराबाद में ट्रेनिंग ले रहे हैं। 15 नवंबर की रात वह घर के पास टहल रहे थे। आरोप है, इस दौरान एक बाइक पर तीन बदमाश उनके पास पहुंचे और पीछे बैठे एक युवक ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी, जबकि दो अन्य ने उन्हें पकड़ लिया।
जेब टटोलने के बाद बदमाशों ने उनसे मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। हवलदार ने 100 नंबर पर शिकायत करने के बजाय ऑनलाइन शिकायत की। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।