दिल्ली के रेड लाइट इलाके जीबी रोड पर सोमवार रात शराब पीकर कुछ लड़कों ने जमकर हंगामा किया। शोर-शराबे के बीच एक युवक ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को लगी नहीं।
हालांकि वहां खड़ी एक कार का शीशा टूट गया। इधर देर रात हंगामे की खबर सुनते ही वहां पहुंचे पुलिस कर्मियों ने झगड़ा कर रहे तीन लड़कों को काबू किया।
मौके से नशे में धुत राहुल नामक युवक को पिस्टल समेत काबू किया गया, वहीं दो युवक राकेश व सोनू को शांति भंग करने के आरोप में पकड़ा गया। कमला मार्केट थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक रात करीब 11.15 बजे जीबी रोड स्थित कोठा नंबर-52 के बाहर तीनों युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। आरोपी ने बीयर की बोतल तोड़कर खूब हंगामा किया। इस बीच दोनों युवकों से तू-तू मैं-मैं कर रहे राहुल ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी।
गोली बजाए सोनू व राकेश के लगने के पार्किंग में खड़ी कार के पिछले शीशे पर जा लगी। गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हंगामे की खबर लगते ही पास में गश्त कर रहे कमला मार्केट थाने के सिपाही सुंदर व हवलदार राजकुमार ने तीनों को अन्य लोगों की मदद से काबू किया।
देर रात तक चले हंगामे के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही थी। कमला मार्केट थाना पुलिस ने राहुल के खिलाफ अवैध हथियार रखने व बाकी दोनों के खिलाफ शांति भंग करने का मामला दर्ज कर लिया है।