दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में दिन के समय सबसे ठंडा इलाका नरेला व पूसा रहा। यहां तापमान 21.1 और 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि आया नगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 24.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार दो से तीन दिन पूर्वी सतही हवाओं के चलने की संभावना है। इस कारण से 18 से 20 दिसंबर तक घने कोहरे की संभावना जताई गई है। वहीं प्रदूषण से भी राहत नहीं मिलेगी। वहीं हिमालयन क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों में सुबह व शाम के समय हल्के बादल छाए रह सकते हैं। 18 से 23 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच से सात डिग्री के बीच रहने की संभावना है। तापमान में कमी के कारण ठिठुरन भी बढ़ेगी। अमूमन 17 से 21 दिसंबर के दौरान अधिकतम तापमान 22.2 और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री और 22 दिसंबर से 26 दिसंबर के बीच अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहता है।