पतंग उड़ाना और पकड़ना तीन बच्चों के लिए जानलेवा साबित हुआ। अलीपुर में पतंग पकड़ रहे एक बच्चे की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई।
वहीं, रणहौला इलाके में पतंग उड़ाने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आकर एक बच्चा झुलस गया जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सीमापुरी इलाके में पतंग उड़ाने के दौरान चौथी मंजिल से गिरकर एक 11 साल के बव्वे की जान चली गई। पुलिस तीनों ही मामलों की जांच में जुटी है।
अलीपुर इलाका स्थित स्वरूप नगर साईं मंदिर के पास रहने वाला भोलू बृहस्पतिवार को अपने एक दोस्त के साथ पतंग पकड़ रहा था। इसी दौरान वह एक वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने भोलू को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य घटना में रणहौला इलाके में पतंग उड़ाने के दौरान 13 साल का फैजान हाईटेंशन तार की चपेट में आकर झुलस गया। उसे इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं तीसरी घटना में सीमापुरी इलाके में चौथी मंजिल पर पतंग उड़ाने के दौरान 11 साल का बच्चा नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पार्थ सैनी (11) के रूप में हुई है।