चाइनीज मांझे से जख्मी हुए पक्षी
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी में चाइनजी मांझे के कारण बेजुबान लहूलुहान हो रहे हैं। बीते तीन दिन के भीतर 500 से ज्यादा घायल पक्षियों का चांदनी चौक स्थित दिगंबर जैन लाल मंदिर स्थित धर्मार्थ पक्षी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
हालात यह हैं कि करीब 100 से ज्यादा पक्षियों को चाइनीज मांझा अपंग बना चुका है। कई पक्षियों के पैर कट गए हैं तो किसी के पंख। किसी की गर्दन पर चोटें आई हैं तो किसी के पैर जख्मी मिले हैं। चाइनीज डोर से अत्यधिक जख्मी होने के कारण कई परिंदे दम तोड़ चुके हैं। बीते 12 अगस्त से अब तक की बात करें तो 748 से ज्यादा घायल पक्षियों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
अस्पताल के मैनेजर सुनील जैन का कहना है कि 15 अगस्त को उनके यहां सर्वाधिक 270 से ज्यादा घायल पक्षियों को इलाज के लिए लाया गया है। इनमें कबूतर, कौआ, चील इत्यादि शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि बीते साल में चाइनीज डोर से घायल सैकड़ों परिंदों को अस्पताल लाया गया था। हालांकि इस बार पक्षियों की स्थिति ज्यादा गंभीर देखने को मिली है। कुछ पक्षी ऐसे भी थे जिन्हें बेहद ज्यादा चोटें आई थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ पक्षी चाइनीज मांझे से इतनी बुरी तरह घायल हुए हैं कि उनके पंख हड्डियों से अलग हो गए हैं और शायद वह दोबारा कभी उड़ ना सकें।
कब कितने आए जख्मी पक्षी
तारीख घायल पक्षी
12 76
13 83
14 151
15 273
16 165
मांझे ने कई लोगों को भी किया जख्मी
मांझे का कहर पक्षियों पर ही नहीं बल्कि दोपहिया वाहन सवारों पर भी रहा। बीते बुधवार और बृहस्पतिवार दिल्ली के अस्पतालों में करीब दो दर्जन से ज्यादा ऐसे मामले पहुंचे हैं। दिल्ली गेट स्थित लोकनायक अस्पताल में तीन, सफदरजंग अस्पताल में दो, आरएमएल में चार, जीटीबी में छह, डीडीयू में 9 और रोहिणी स्थिति डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तीन लोग मांझे की चपेट में आने के बाद उपचार के लिए पहुंचे।