सुरक्षा गार्ड ने तालाब में तीनों मासूमों के शव पानी में उतारते देखे
पुलिस को अंदेशा गोल्फ कोर्स की दीवार फांदकर नहाने आए होंगे बच्चे
बुधवार शाम से लापता थे तीनों, परिजन कर रहे थे तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका सेक्टर-24 स्थित डीडीए के गोल्फ कोर्स में बने तालाब में बृहस्पतिवार दो सगे भाइयों समेत तीन मासूमों की डूबने से मौत हो गई। तीनों की शिनाख्त रवि जायसवाल (8), वीर जायसवाल (11) और हर्ष (11) के रूप में हुई है। सुबह के समय तीनों मासूमों के शव तालाब में उतराता हुआ देख सिक्योरिटी गार्ड ने फौरन पुलिस और अपने अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस उपायुक्त ने अंदेशा जताया कि बुधवार शाम तीनों मासूम नहाने के लिए गोल्फ कोर्स की दीवार फांदकर आए होंगे और नहाते समय डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि मामले की जांच की जा रही है। तालाब के किनारे तीनों मासूम के कपड़े बरामद हुए हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:07 बजे उन्हें घटना की खबर मिली। 10 फीट गहरे तालाब से शवों को निकालकर इंदिरा गांधी अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने इनकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। बृहस्पतिवार दोपहर के समय लोकल सोर्स की मदद से मासूमों के परिजनों का पता चला। रवि और वीर सगे भाई थे और इनके पिता अरविंद जायसवाल हैं। मजदूरी करने वाला अरविंद परिवार के साथ प्रधान चौक, गोयला डेयरी, कीकर चौक के पास रहता है। वहीं हर्ष का परिवार भी प्रधान चौक के पास फुटपाथ पर रहता है। गुब्बारे बेचकर अजीविका चलाता है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि तीनों मासूम बुधवार शाम से गायब थे और वे तीनों को तलाश रहे थे।
गोल्फ कोर्स में छोटे-छोटे तीन से चार तालाब हैं
जांचकर्ता पुलिस अधिकारी ने बताया कि द्वारका सेक्टर-24 में डीडीए का करीब 54 एकड़ में फैला गोल्फ कोर्स है। गोल्फ कोर्स में छोटे-छोटे तीन से चार तालाब मौजूद हैं। जिसकी बाउंड्री वॉल करीब 5 फीट ऊंची है। इसके पीछे की ओर लोकल आबादी है। अक्सर छोटे बच्चे पीछे की बाउंड्री वॉल को फांदकर अंदर आकर खेलते हैं। बताया जा रहा है कि पिछली दीवार के पास मौजूद पेड़ पर चढ़कर मासूमों ने दीवार फांदी और अंदर आ गए। गोल्फ कोर्स में सुरक्षा गार्ड्स की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।