सीएम का सख्त संदेश-दिल्ली में रहने वाला हर व्यक्ति हमारा परिवार
गोलीकांड में 21 वर्षीय पांडव की हुई थी मौत, दोस्त की हालत गंभीर, आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका इलाके में हुए गोलीकांड के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और न्याय का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में दिवंगत पांडव कुमार के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बेटे को खोने का दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता और इस मुश्किल समय में सरकार पूरी तरह परिवार के साथ खड़ी है। सीएम ने साफ कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच में कोई लापरवाही न हो और मामले को तेजी से अंजाम तक पहुंचाया जाए। ये घटना जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र के रावता गांव में हुई, जहां दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के हेड कांस्टेबल ने मामूली कहासुनी के बाद 21 वर्षीय पांडव कुमार को गोली मार दी। गोली उसके शरीर को पार करते हुए पीछे बैठे उसके दोस्त किशन को भी लग गई। पांडव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशन का इलाज दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में रहने वाला हर व्यक्ति एक परिवार का हिस्सा है और क्षेत्रीयता के आधार पर हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।