- सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग तैयार कराएगा इको-फ्रेंडली विसर्जन कुंड
- नीलम माता मंदिर चिल्ड्रन्स पार्क और डॉ. राजेंद्र प्रसाद पार्क के पास बनेगी व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और यमुना नदी के पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बड़ी तैयारी की है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (आईएंडएफसी) ने क्षेत्र में तीन अस्थायी गणेश मूर्ति विसर्जन तालाब बनाने का फैसला लिया है। यह निर्माण पटपड़गंज स्थित नीलम माता मंदिर चिल्ड्रन्स पार्क और मंगलम अस्पताल के पास डॉ. राजेंद्र प्रसाद पार्क में कराया जाएगा। इन कृत्रिम कुंडों को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि पानी का रिसाव जमीन में न हो और पार्क को कोई नुकसान न पहुंचे।
जल-रिसाव को रोकने के लिए गड्ढों में 120 जीएसएम क्षमता की मजबूत पीली प्लास्टिक तिरपाल बिछाई जाएगी और सीढ़ियों व कटान को सुरक्षित रखने के लिए मिट्टी से भरे 1000 विशेष बोरों का प्रयोग होगा।
विसर्जन के दौरान और उसके बाद व्यवस्था संभालने के लिए कर्मचारी तैनात किए जाएंगे जो मूर्तियों को सम्मानपूर्वक बाहर निकालने और 24 घंटे सुरक्षा का ध्यान रखेंगे। विभाग निर्देशों के अनुसार स्थल पर मच्छरों को पनपने से रोकने की जिम्मेदारी भी एजेंसी की होगी। पूजा समाप्त होने के तुरंत बाद सभी अस्थायी ढांचों और मलबे को हटाकर पार्क को दोबारा साफ-सुथरा कर दिया जाएगा।