-जगजीत नगर में बने फुटपाथ पर नहीं लगाए गए सीवर स्लैब
-पैदल चलने पर दुर्घटना की आशंका बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। जगजीत नगर स्थित बुधबाजार रोड पर हाल ही में बने फुटपाथ की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। फुटपाथ निर्माण के बाद भी कई स्थानों पर सीवर स्लैब नहीं लगाए गए, जिससे खुले गड्ढे राहगीरों के लिए खतरा बने हैं। आलम यह है कि पैदल चलने वाले लोग फुटपाथ का उपयोग करने के बजाय सड़क पर चलने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी वीरपाल ने कहा कि फुटपाथ का निर्माण पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हुआ, लेकिन अधूरे कार्य के कारण इसका उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। खुले सीवरों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए खतरा और अधिक बढ़ गया है। रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने की वजह से दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है। लोगों ने कहा कि यदि जल्द सीवर स्लैब नहीं लगाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में उन्होंने संबंधित विभाग से फुटपाथ का अधूरा कार्य जल्द पूरा कराने, खुले सीवरों को ढंकने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।