अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी जिला की प्रीत विहार थाना पुलिस ने हाई-प्रोफाइल पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो विदेशी नागरिकों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आफताब (19), लक्की (42) और अबोंगो केनेडी ओडायो (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 ग्राम एमडीएमए, 61 ग्राम गांजा, दो स्कूटी, 1.37 लाख रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है।
पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रीत विहार स्थित कूबा कैफे में एमडीएमए की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर गठित टीम ने छापेमारी कर आफताब को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी में छह पैकेट से तीन ग्राम एमडीएमए बरामद हुई।
पूछताछ में आफताब ने खुलासा किया कि उसने यह ड्रग्स नाइजीरियाई नागरिक लक्की से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने लक्की को उसके ठिकाने से दबोच लिया, जहां से 10 पैकेट और बरामद हुए। कुल मिलाकर 11 ग्राम एमडीएमए जब्त की गई।
आगे की कार्रवाई में अबोंगो केनेडी ओडायो को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 61 ग्राम गांजा और 1.37 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स के स्रोत और नेटवर्क की जांच कर रही है।