-जयपुर से संचालित कर रहे थे ठगी का गिरोह
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दक्षिण पश्चिमी जिले की साइबर थाना पुलिस ने 75 वर्षीय वृद्धा को दो दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने वाले तीन आरोपियों राकेश मीणा (25), छोटू लाल मीणा (20) और योगेंद्र गुर्जर (19) को गिरफ्तार किया है। गिरोह को राजस्थान की राजधानी जयपुर से संचालित हो रही थी।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि आरोपियों ने सितंबर 2025 में सीबीआई का इंस्पेक्टर बनकर दिल्ली की एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को दो दिन के लिए डिजिटल अरेस्ट करके 16 लाख रुपये ठग लिए थे। इन्होंने पीड़िता को धमकी दी थी कि उनके बेटे को झूठे केस में फंसा दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मामला दर्जकर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक व एसआई चेतन राणा की टीम ने जांच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में आरोपियों के कंबोडियाई गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है। आरोपी गिरोह के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इनके पास से एक लाख नकद, नौ मोबाइल फोन व बैंकों के 10 पासबुक व चेकबुक बरामद हुई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये लोग कम पढ़े लिखे स्थानीय लोगों के कागजात लेकर उनसे म्यूल बैंक खाते खोलकर उसे टेलीग्राम और दूसरे आनलाइन प्लेटफार्म के जरिए अंतरराष्ट्रीय साइबर जालसाजों को बेचते थे। इसके बाद उनके इशारे पर एटीएम या चेक की मदद से ठगी की रकम को निकालकर दूसरे बैंक खातों में भी डालते थे।