चितरंजन पार्क इलाके में ब्राजील की युवती से लूट के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बृहस्पतिवार को हुई वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। बदमाश युवती से उसका पर्स, मोबाइल और कीमती सामान ले गए थे। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल, पर्स और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है। बदमाशों की पहचान मुन्नवर अली, विजय और हनी के रूप में हुई है। तीनों बदमाश मूलत: अलीगढ़ के रहने वाले हैं। ब्राजील की रहने वाली पीड़िता सीसिलिया गत 25 सितंबर को ग्रेटर कैलाश पार्ट 2 एम ब्लाक में किसी काम से आयी थी।
इसी दौरान बाइक से आए बदमाशों ने उससे लूटपाट की और फरार हो गये। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकार्ड की जांच कर रही है।