दिल्ली हाईकोर्ट ने तब्लीगी जमात में शामिल हुए सऊदी अरब के तीन जमातियों को आरके पुरम स्थित हयात होटल में ठहरने की अनुमति दे दी है। पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान निजामुद्दीन मरकज में जमात में भाग लेने के कारण इन्हें पकड़ा था। इन्हें क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया था।
न्यायमूर्ति विपिन सांघी और न्यायमूर्ति रजनीश भटनागर की पीठ ने इनकी याचिका पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई की। तीनों जमातियों की ओर से पेश वकील ने पीठ से कहा कि वर्तमान में तीनों को फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित सरकारी स्कूल में रखा गया है।
हालांकि सऊदी अरब के शाही दूतावास ने एक प्रमाण पत्र जारी किया है, जिसके आधार पर वकील ने कहा कि तीनों के हयात होटल में ठहरने का इंतजाम दूतावास करेगा। तीनों जमातियों ने क्वारंटीन सेंटरों में न रखने की मांग करते हुए याचिका दायर की थी। जमातियों के आवेदन पर दिल्ली सरकार की ओर से पेश वकील कोई आपत्ति नहीं जताई।