अमन विहार इलाके से 3 दिन से लापता युवक का शव हैदरपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से बरामद हुआ। युवक की हत्या कर शव को नहर में डाला गया था। शव नहर से उतरता हुआ हैदरपुर पहुंच गया। युवक के दोनों पैर बंधे हुए थे।
अमन विहार थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। मृतक की शिनाख्त नरेंद्र प्रताप सिंह (35) के रूप में हुई है। नरेंद्र परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-21, अमन विहार थाना क्षेत्र में रहता था। परिवार में पत्नी और बेटी के अलावा अन्य सदस्य हैं।
पहले नरेंद्र मेडिकल स्टोर चलाता था। लेकिन घाटा होने की वजह से उसने स्टोर बंद कर दिया था। बुधवार शाम को नरेंद्र घर से बाइक लेकर किसी काम से जाने की बात कह निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। शाम तक उसका पता न चलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। उसका फोन भी लगातार बंद आ रहा था।
शुक्रवार दिन में हैदरपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव निकाला। उसके दोनों पैर बंधे हुए थे। जिपनेट से शव की पहचान की गई तो उसकी गुमशुदगी अमन विहार थाने में मिली।
बाद में देर शाम को परिजनों ने शव की पहचान नरेंद्र के रूप में की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और नरेंद्र की कॉल डिटेल रिकॉर्ड से मामले की जांच कर रही है।