- द्वारका पुलिस ने किया गिरफ्तार, खातों से 50 लाख से ज्यादा की ठगी कर चुके हैं जालसाज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका जिला स्पेशल स्टाफ ने जालसाजों को धोखाधड़ी की रकम जमा करने के लिए म्यूल बैंक खाता मुहैया करवाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन खातों के जरिए 50 लाख से ज्यादा की ठगी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुलंदशहर यूपी निवासी 22 साल के कपिल कुमार, 23 साल के पुरु कुमार और इटावा यूपी निवासी 22 साल के शिशुपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2.19 लाख रुपये आठ चेक बुक, पांच पासबुक, अलग-अलग बैंकों के नौ एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन भी बरामद किए। साथ ही बैंक में रखे 2.06 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया।
जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस उत्तम नगर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले की जांच कर रही थी। इसके तहत पुलिस जालसाजों को म्यूल खाता मुहैया करने वाले आरोपियों की तलाश कर रही थी। छानबीन करने के बाद टीम ने उत्तम नगर में हस्तसाल रोड पर एक घर में छापा मारा। वहां से पुलिस ने कपिल कुमार को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके घर से पुलिस को पांच डेबिट कार्ड, आठ बैंक चेक बुक और पांच बैंक पासबुक बरामद हुईं। कपिल ने बताया कि उसने कई बैंक खाते खुलवाए और कमीशन के बदले अपने साथियों के जरिए उन्हें साइबर अपराधियों तक पहुंचाया। पुलिस ने निशानदेही पर इटावा निवासी शिशुपाल को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि वह खाते खुलवाने में मदद की थी। पुलिस ने उसके निशानदेही पर म्यूल खाता धारक पुरु कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 2.19 लाख रुपये 4 एटीएम कार्ड बरामद किए। उसके बैंक में जमा 2.04 लाख रुपये फ्रीज कर दिया।