स्पेशल सेल ने झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाके से दिल्ली-एनसीआर में हेरोइन लाने वाले जीजा-साले समेत तीन को दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से 10 किलो हेरोइन बरामद की गई है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत करीब 30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। स्पेशल सेल की टीम मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए झारखंड रवाना हो गई है।
स्पेशल सेल के डीसीपी मनीषी चंद्रा के अनुसार सेल को सूचना मिली थी कि तीन लोग हेरोइन की खेप लेकर दिल्ली आ रहे हैं। सूचना के बाद एसीपी निशांत गुप्ता की देखरेख में इंस्पेक्टर कुलदीप व विवेकानंद पाठक की टीम बनाई गई। टीम ने सेक्टर-11, रोहिणी में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान बरेली, यूपी निवासी जयचंद सक्सेना (31), शाहजहांपुर, यूपी निवासी सोनू गोस्वामी (26) और श्याम गुप्ता (25) को गिरफ्तार कर लिया। जयचंद्र जीजा है, जबकि श्याम गुप्ता उसका साला है। इनके कब्जे से हुंडई वर्ना कार भी बरामद की गई। आरोपियों ने कार की डिक्की में सीट के नीचे बैग में हेरोइन को छिपा कर रखा हुआ था।
स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारियों के अनुसार हुंडई वर्ना कार श्याम गुप्ता की है। वह झारखंड से कार में ही हेरोइन दिल्ली लाते थे। नक्सल प्रभावित एरिया से जलालाबाद, झारखंड में हेरोइन आती थी। यहां से ये लोग दिल्ली लाते थे। सोनू गोस्वामी टेंपो चालक है और वह झारखंड में टेपो चलाता था। श्याम गुप्ता उसे कार चलाने के लिए ड्राइवर के रूप में दिल्ली लेकर आया था। श्याम गुप्ता ने अपने जीजा जयचंद हेरोइन सप्लाई के इस गोरखधंधे में उतारा था।