पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह
- फोटो : अमर उजाला
'हैलो, 10 करोड़ का इंतजाम कर लो, नहीं तो मैं बिहार के सीएम नीतीश कुमार की हत्या कर दूंगा। जी हां बुधवार सुबह जैसे ही पुलिस नियंत्रण कक्ष को यह कॉल मिली सभी के होश उड़ गए। अभी मामले की जांच की ही जा रही थी कि दूसरी बार में कॉलर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की हत्या की धमकी देकर दो करोड़ मांग लिये।
पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दिल्ली पुलिस की तमाम एजेंसियों के अलावा खुफिया एजेंसियां भी एक्टिव हो गई। कॉल की जानकारी जुटाई गई तो दोनों ही कॉल एक ही नंबर से आई थी। फौरन उसकी लोकेशन का पता किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र के मादीपुर से कॉल की थी।
टीम को तुरंत वहां भेजा गया, लेकिन आरोपी वहां से गायब मिला। पुलिस को आरोपी सुधीर शर्मा का 10 साल का बेटा मिला। उसने बताया कि पिता को दिन-रात शराब पीने की लत है। बुधवार को भी वह सुबह से शराब पिये जा रहा था। बेटे से कॉल करवाने पर आरोपी ने उसके साथ भी बेहद बदतमीजी से बात की।
फिलहाल आरोपी अपने घर से गायब है। पुलिस की आधा दर्जन टीम उसकी तलाश कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा कि उसने इससे पूर्व भी किसी को धमकी देकर रुपये मांगे थे। आरोपी का परिवार फिलहाल बिहार स्थित अपने गांव गया है, घर में 10 साल का मासूम ही मौजूद था।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10.46 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मारने की खबर मिली। अभी पुलिस मामले की जांच ही कर रही थी कि ठीक आठ मिनट बाद 10.54 बजे दूसरी कॉल पीएम और गृहमंत्री को मारने की धमकी की गई।
पहली बार में आरोपी ने 10 करोड़ और दूसरी बार में दो करोड़ की डिमांड की। फौरन पुलिस एक्टिव हुई और आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसकी तलाश में एसएचओ पश्चिम विहार ईस्ट व उनकी टीम को भेजा गया। लेकिन आरोपी अपने घर से गायब मिला। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है।