डीएलएफ फेस तीन में रहने वाले एक निजी अस्पताल संचालक को धमकी देने व अस्पताल का नाम बदनाम करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है। जबकि मामले की मास्टर माइंड युवती की तलाश जारी है।
डीएलएफ फेस तीन में रहने वाले डॉ. अजीत गुप्ता ने डीएलएफ फेस दो थाना पुलिस को बताया कि एनआईटी फरीदाबाद में रहने वाला पवन पिलाना उसे धमकी देने के साथ ही अस्पताल को बदनाम करने की बात कह रहा है। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि फरीदाबाद की रहने वाली एक युवती डॉ. गुप्ता के पार्क अस्पताल में काम करती थी।
जिसे अस्पताल प्रबंधन की ओर से निकाल दिया गया था। आरोपी पवन पिलाना नेशनल इंस्टीट्यूट फाईनेंस मैनेजमेंट में सहायक निदेशक है। उसका उक्त युवती के साथ दोस्ती है। जिसके कहने पर उसने अस्पताल के संचालक डॉ. अजीत गुप्ता को परेशान करना शुरू किया।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां पर अदालत से एक दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर छानबीन कर रही है। पुलिस ने उसकी ओर से लिखे गए धमकी भरे पत्र बरामद किया है। पुलिस को उसकी महिला दोस्त की तलाश है।