दक्षिणी दिल्ली में बीते 24 घंटे में पूर्वोत्तर के तीसरे युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक युवक शराब पीने का आदि था। बृहस्पतिवार रात नशे की हालत में सीढ़ियों से गिरने की वजह से उसकी मौत हुई।
दक्षिण जिला डीसीपी प्रेमनाथ के अनुसार मूलरूप से मणिपुर निवासी थांग सोनलियन (21) अपने भाई के साथ बेरसराय में किराये पर रहता था। वह आरके पुरम स्थित एक प्राइवेट इंस्टीट्यूट से स्टेनोग्राफी का कोर्स कर रहा था।
बृहस्पतिवार रात को वह चचेरे भाई के साथ अंबेडकर स्टेडियम में फुटबाल मैच देखने गया था। बताया जा रहा है कि मैच में उसकी चहेती टीम जीत गई थी। इसी खुशी में थांग ने चेचेरे भाई के साथ पार्टी की थी।
पार्टी के बाद नशे में वह पड़ोस के दो मंजिले मकान में चढ़ गया। जब पता लगा कि वह गलत मकान में चढ़ गया है तो सीढ़ियों से नीचे उतरने लगा। इस दौरान फिसलने से गिर कर घायल हो गया।
चचेरे भाई ने पड़ोसियों की सहायता से उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से रात करीब 8:45 बजे वसंत विहार थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया है कि थांग की रीढ़ की हड्डी में फैक्चर हो गया था। उसकी मौत चोट लगने से हुई है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। गौरतलब है कि बुधवार को कोटला मुबारकपुर इलाके में मणिपुर के एक पीएचडी स्कॉलर युवक की हत्या कर दी गई थी। जबकि मालवीय नगर इलाके में मणिपुर निवासी युवक संदिग्ध हालात में मृत मिला था।