प्रशांत विहार इलाके में सोमवार रात झगड़े के दौरान बीच-बचाव कर रहे किन्नर को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी, जो उसकी कमर में लगी है। किन्नर की सहेलियों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मूलत: पश्चिम बंगाल की रहने वाली श्याना (22) निहाल विहार में अकेली रहती है। सोमवार रात वह अपनी सहेली सेंडी और निक्की के साथ सेक्टर-14 रोहिणी स्थित सरोज अस्पताल के पास किसी काम से आई थी।
रात करीब 12 बजे वह घर जाने के लिए कार का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक सेंडी के साथ गलत हरकत करने लगा और विरोध करने पर झगड़ा करने लगा।
यह देखकर श्याना बीच-बचाव करने लगी। आरोप है कि इस दौरान युवक ने पिस्टल निकालकर श्याना पर गोली चला दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस पीड़ित के बताए बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।