नई दिल्ली में चोरी की नीयत से शनिवार देर रात नशे की हालत में एक युवक ने आस्था विहार स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम को तोड़ दिया। जब रुपये नहीं निकले तो वह थककर एटीएम बूथ में ही सो गया।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने करंट लगा समझकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने युवक के नशे में होने की पुष्टि की। अमन विहार पुलिस जानकी विहार निवासी आरोपी दीपक कुमार (21) को गिरफ्तार कर जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, एटीएम के पास से गुजर रहे एक राहगीर ने मशीन को टूटा हुआ देखा। पास ही युवक बेहोश पड़ा था। राहगीर ने आसपास के घरों में आवाज लगाकर इसकी जानकारी दी।