दरियागंज में एक कारोबारी ने घर की सुरक्षा के लिए मुख्य द्वार पर डिजिटल लॉक लगवाया, लेकिन चोरों ने डिजिटल लॉक भी खोल डाला और घर से 20 लाख रुपये के जेवरात व कुछ कैश उड़ा लिया।
पीड़ित की शिकायत पर चांदनी महल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि घटना में किसी जानकार का हाथ हो सकता है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित कारोबारी मोहम्मद फैजान परिवार के साथ कूचा चलान, दरियागंज में रहते हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी व अन्य सदस्य हैं। फैजान की भागीरथ पैलेस में अपनी दुकान है। मंगलवार शाम फैजान पत्नी के साथ खरीदारी करने लाजपत नगर गए थे।
माता-पिता भी किसी काम से घर बंद कर निकल गए। कुछ देर बाद फैजान के पिता घर पहुंचे तो डिजिटल लॉक खुला हुआ था। फैजान के पिता को लगा कि शायद वह दरवाजा बंद करना भूल गए होंगे। घर आने के बाद वह टीवी देखने में व्यस्त हो गए। इधर देर शाम फैजान घर पहुंचे तो पता चला कि एक कमरे का सामान बिखरा हुआ था।
चोर घर की अलमारी में रखे 20 लाख के सोने के जेवरात और 17 हजार रुपये कैश चोरी कर ले गए। चोरों ने घर के मेन गेट को खोला और इसके बाद आरोपी उसी कमरे में पहुंचे जहां जेवरात रखे थे। आरोपियों ने दूसरी अलमारी से उस अलमारी की चाबी भी खोजी, जिसमें जेवरात रखे थे। इसके बार अलमारी खोलकर जेवरात लेकर फरार हो गए।