खोड़ा स्थित कला एंक्लेव में मंगलवार सुबह एक युवक को चोर समझकर लोगों ने पीटकर मार डाला। लोगों का आरोप है कि युवक मोहल्ले के एक घर में चोरी करने घुसा था, जबकि उसके माता पिता का आरोप है कि साजिश के तहत बेटे को बांधा गया और पीटकर हत्या कर दी गई।
परिजनों के अनुसार बेटे के हाथ और पैर में रस्सी से बंधे होने के निशान मिले हैं। इस मामले में परिजनों ने खोड़ा पुलिस से शिकायत की है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कला एंक्लेव निवासी दीपक मकानों में टाइल लगाने का काम करता था। पिता ओमप्रकाश ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे दीपक अपने साथ साइट पर काम करने के लिए लेबर ढूंढने घर से निकला था।
कुछ ही देर बाद लोगों से उसकी मौत की सूचना मिली। उसके हाथ पैर बांधने के बाद पीटकर हत्या की गई है। एसओ वीर विक्रम सिंह ने बताया कि पूछताछ में लोगों ने बताया है कि वह एक महिला के मकान में चोरी करने घुसा था।
वह विधवा है और घर पर अकेली थी। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पीटा, जिसमें उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही साजिश के तहत हत्या की बात की पुष्टि हो सकेगी।
माता पिता ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
पिता ओमप्रकाश ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद जब उन्हें शव सुपुर्द किया गया तो दीपक के हाथ और पैर रस्सी से बंधे होने के निशान मिले हैं। उसे शक कि कुछ लोगों जानबूझकर उसकी हत्या की है।
जिसे चोरी का नाम दिया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थित साफ होगी।