वाहन चालक यदि वन-वे का नियम तोड़ते हैं तो ट्रैफिक पुलिस जुर्माना करेगी। सोमवार को ट्रैफिक पुलिस के अलावा सिविल पुलिस भी मुस्तैदी से वन-वे मार्ग पर तैनात रहेगी। जाम से निपटने के लिए शनिवार से हरौला और उद्योग मार्ग को वन-वे कर दिया गया। हालांकि इसका असर आज दिख सकता है।
एसपी ट्रैफिक आरएन यादव का कहना है कि हरौला और उद्योग मार्ग पर लागू किए गए वन-वे प्लान को नहीं मानने वाले वाहन चालकों को 200 रुपये का जुर्माना भरना पड़ेगा। सोमवार को इस मार्ग पर बड़ी संख्या में ट्रैफिक के अलावा सिविल पुलिस की तैनाती रहेगी।
एसपी ट्रैफिक के मुताबिक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक वन-वे प्लान लागू किया गया है। यहां दो शिफ्टों में ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। एक शिफ्ट में 42 और दूसरे शिफ्ट में 43 ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
सिविल पुलिस भी चौक-चौराहों के अलावा कट पर तैनात रहेगी। जो भी सिग्नल पहले दिन ऑन रह गए थे उसे प्राधिकरण से कहकर बंद करा दिया गया है।
वन-वे मार्ग पर पहले से बने डिवाइडर को तोड़ने की बात भी चल रही है, ताकि ट्रैफिक के परिचालन में किसी तरह की दिक्कत पेश न आए। गोलचक्कर से ट्रैफिक की एंट्री होगी जो कि झुंडपुरा तक जाएगी। वहीं दूसरी ओर स्वानी फर्नीचर चौराहे से हरौला की ओर ट्रैफिक का संचालन वन-वे मार्ग पर होगा, जो कि नया बांस तिराहे पर जाकर निकलेगा। इन दोनों मार्गों पर रांग साइड आने पर पाबंदी होगी।