- खाली सीटों पर दाखिले के लिए एक-दो दिन में होगा कार्यक्रम जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के नॉन कॉलेजिएट वीमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) के केंद्रों की खाली सीटों को भरने के लिए दोबारा से कवायद शुरू की जाएगी। इस बार वह भी दाखिला के लिए आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने अभी तक एक बार भी पंजीकरण नहीं किया था।
एनसीवेब की निदेशक प्रो. गीता भट्ट ने कहा कि कुछ केंद्रों में सीटें खाली रह गई। इसमें ज्यादातर सीट एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग की है। जबकि दो-तीन केंद्रों में सामान्य वर्ग की सीटें भी खाली पड़ी है। खाली सीटों पर दोबारा से दाखिला प्रक्रिया शुरू करने को लेकर एक-दो दिन में कार्यक्रम जारी हो जाएगा।
एनसीवेब के 26 केंद्रों में बीए और बीकॉम प्रोग्राम की कक्षाएं सप्ताहांत और अवकाश के दिन आयोजित होती है। इसमें मिरांडा हाउस और हंसराज कॉलेज जैसे नामचीन दूसरे कॉलेज भी शामिल है। इस बार एनसीवेब को बीए और बीकॉम प्रोग्राम की 15200 सीट के लिए लगभग साढ़े 17 हजार आवेदन मिले थे। स्पेशल ड्राइव के बाद भी एनसीवेब के कुछ केंद्रों में अलग-अलग श्रेणी की सीटें खाली रह गई है।
उधर, डीयू के यूजी के विभिन्न कार्यक्रमों में ऑन द स्पॉट मॉपअप दाखिला राउंड के लिए मंगलवार से दाखिला की प्रक्रिया शुरू हो गई। अलग-अलग प्रोग्राम की विभिन्न श्रेणियों की 9194 सीटों को भरा जाना है। इसके लिए 12210 उम्मीदवारों ने पंजीकरण किया है। इसमें दाखिला के समय उम्मीदवार का अनिवार्य तौर पर उपस्थित होना जरूरी है। मॉपअप राउंड-1 में सीटों के खाली रहने पर दाखिले का यह मौका फिर से दिया जा रहा है।