बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा में किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जमकर चले लाठी डंडों में मां व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पति की तहरीर पर पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत चार व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव निवासी शिवकुमार ने बताया कि 26 मार्च की रात साढ़े आठ बजे वह काम करके घर लौट रहे थे। इसी बीच गांव के ही सुमित, शिवम, आकाश व छोटू ने उनके घर में जबरन घुस आए। इस दौरान आरोपियों ने उनकी पत्नी मुनेश व पुत्र सत्यप्रकाश को जमकर पीट दिया। इसमें उनकी पत्नी व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी उनकी पत्नी व पुत्र को जान से मारने की धमकी देकर यहां से भाग गए।
आरोपियों ने उनकी पत्नी व पुत्र को गांव में न रहने की भी धमकी दी है। इसके बाद वह अपनी पत्नी व पुत्र को साथ लेकर थाने पहुंचे और पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी पत्नी व पुत्र का मेडिकल भी कराया था। उधर घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर एक दूसरे पर प्रहार कर रहे हैं।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित पति की तहरीर पर सुमित, शिवम, आकाश व छोटू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।