फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खजूरी खास में तनाव : बकरे हटाने को लेकर हुआ विवाद, पड़ोसी ने परिवार पर किया हमला

Fri, 30 May 2025 07:07 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

बवाल के बाद इसको सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हालात को देखते हुए फौरन वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे। कई थानों की पुलिस को बुला लिया गया।
विज्ञापन
demo - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में महज दुकान के बाहर खड़े बकरे हटाने को लेकर हुए विवाद में एक पड़ोसी ने परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान पीड़ित मनोज धामा और उनकी पत्नी जख्मी हो गईं। घायलों को फौरन जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई।

विज्ञापन


बवाल के बाद इसको सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हालात को देखते हुए फौरन वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे। कई थानों की पुलिस को बुला लिया गया। इसके अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बल को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल दो परिवारों के बीच झगड़ा है। एहतियात के तौर पर सुरक्षा बल तैनात किया गया।

पुलिस का कहना है कि दो समुदायों से जोड़कर देखना गलत है। पुलिस उपायुक्त ने आम लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है। वारदात के बाद पुलिस ने मनोज धामा की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी मुख्य हमलावर सरवर (27) को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन


उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि मनोज धामा परिवार के साथ एफ-ब्लॉक, 30 फुटा रोड पर रहते हैं। इनका पुरानी कारों को खरीदने बेचने का काम है। आरोपी सरवर भी इनके पड़ोस में रहता है। उसका भी पुरानी कार खरीदने बेचने का काम है। मनोज ने घर में ही अपना दफ्तर बनाया हुआ है।

बुधवार दोपहर के समय सरवर का एक रिश्तेदार कुर्बानी के बकरे लेकर मनोज की दुकान के सामने खड़ा था। मनोज ने उसको वहां से हटने के लिए कहा। मनोज के कहने पर वह चला भी गया। कुछ देर बाद सरवर मनोज के पास पहुंचा और उससे बकरे हटाने के बारे में पूछने लगा।

इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। स्थानीय लोगों ने दोनों के बीच बीचबचाव करा दिया। उस समय सरवर चला गया, लेकिन रात करीब 9 बजे सरवर आधा दर्जन लोगों को लेकर मनोज के घर पहुंच गया और उसके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। 

हमला कर आरोपी भाग गया। घटना का पता चला तो लोगों ने उसे दो समुदाय का झगड़ा बताकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इसके बाद मौके पर भीड़ जुटने लगी। पुलिस मौके पर पहुंची और बात को संभाला गया।

वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मनोज व सरवर दोनों का पुरानी कार बेचने और खरीदने का काम है। इनमें कारोबार को लेकर भी खींचतान भी रहती है। पुलिस सरवर के बाकी साथियों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी कैमरों से भी पड़ताल की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें