पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने वाले लीडिंग एयर क्राफ्टमैन रंजीत केके की 2012 में गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में विशेष तैनाती की गई थी।
इसकी काबलियत को देखते हुए भटिंडा, पंजाब से उसकी तैनाती दिल्ली में विशेष तौर पर की गई थी। गणतंत्र दिवस में ड्यूटी के बाद उसकी पोस्टिंग दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास केसामने स्थित एयरफोर्स स्टेशन में हो गई थी।
दिल्ली में तैनाती केदौरान ही रंजीत केके ने अपनी एयरफोर्स की वर्दी पहने फोटो फेसबुक पर लगा दी थी। फोटो देखकर ही आईएसआई की युवती जासूस ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाना शुरू कर दिया था।
आईएसआई की युवती जासूस ने रंजीत से नजदीकियां बढ़ाई
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में तैनाती केदौरान ही रंजीत केके बीमार हो गया था। उसे पीलिया हो गया था।
इस बीमारी का फायदा उठाकर आईएसआई की युवती जासूस ने रंजीत से नजदीकियां बढ़ाई। वह बार-बार फोन कर रंजीत को अपनापन दिखाने लगी। वह रंजीत केके को इंटरनेट कॉल करती थी।
रंजीत ने पूछताछ में खुलासा किया है कि युवती के अपनापन दिखाने पर वह उसके काफी करीब हो गया था। वह उससे दिल की व काफी गोपनीय बातें करने लगा था।
रंजीत को लगता था कि युवती इंग्लैंड की रहने वाली है
आईएसआई एजेंट उसे करीब-करीब हर रोज फोन करती थी। उसे लगता था कि वह उसकी पक्की दोस्त हो गई है और वही उसके दुख-दर्द को समझने वाली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवती एजेंट अंग्रेजी के ब्रिटिश लहजे में बात करती थी। ऐसे में रंजीत को लगता था कि युवती इंग्लैंड की रहने वाली है। मगर पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि आईएसआई ने युवती को ब्रिटिश अंग्रेजी बोलने की ट्रेनिंग दी है।
ऐसे में माना जा रहा है कि आईएसआई की और भी महिला एजेंट आर्मी व वायुसेना के अधिकारियों व कर्मियों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर गुप्त जानकारियां ले रही हैं।