अब आप रेलवे के गो इंडिया स्मार्ट कार्ड से कई तरह की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। रेलवे ने नई सुविधा के तहत निर्णय लिया है कि यात्री इस कार्ड से तत्काल यात्रा टिकट बुक करा सकेंगे।
साथ ही ट्रेनों में यात्रा टिकट की बुकिंग जिस दिन से शुरू होती है, उस दिन भी गो-इंडिया कार्ड का इस्तेमाल कर यात्री टिकट बुक करा सकेंगे। नए साल में यात्रियों को सुविधा देने के लिए रेलवे ने गो इंडिया स्मार्ट कार्ड से हर तरह के टिकट खरीदने की सहूलियत देने का निर्णय लिया है।
रेलवे ने अपने सर्कुलर में कहा है कि अब इस कार्ड से लोग कंसेशन टिकट भी बुक करा सकेंगे। बशर्ते मिलिट्री वारंट, वाउचर पास न हो। हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि तत्काल व कंसेशन वाले टिकट बुक कराने पर यात्रियों को पांच प्रतिशत मिलने वाली छूट का फायदा नहीं मिलेगा।