संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक आयोजित हुई। जिसमें उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सभी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनका शीघ्र सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और लापरवाही के कारण दुर्घटना होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
उपायुक्त ने सभी सड़क एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे 15 दिन के भीतर अपनी सड़कों का सेल्फ ऑडिट कर तकनीकी कमियां दूर करें और यह प्रमाण पत्र जमा करें कि सड़कें सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं। साथ ही एनएचएआई को राष्ट्रीय राजमार्गों से अवैध अतिक्रमण, अवैध बैनर, शराब के ठेके हटाने और केएमपी-केजीपी पर अवैध कट नहीं होने का प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिए।
उन्होंने ट्रैफिक नियमों का पालन न करने वालों पर सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा म्हारी सड़क ऐप पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।