करोल बाग, ग्रेटर कैलाश-1, जनपथ, चांदनी चौक और अन्य बाजारों में उपहार स्वरूप गहने देने के लिए जबरदस्त खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। करवा चौथ का पर्व नजदीक आते ही राजधानी के बाजारों में रौनक लौट आई है। राजधानी के करोल बाग, ग्रेटर कैलाश-1, जनपथ, चांदनी चौक और साकेत जैसे प्रमुख बाजारों में इन दिनों सोने और चांदी के आभूषणों की खरीदारी में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। महिलाएं जहां त्योहारी तैयारियों में व्यस्त हैं, वहीं पतियों की ओर से पत्नियों को उपहार स्वरूप गहने देने की परंपरा ने ज्वैलरी बाजारों में नई जान डाल दी है।
मेरठ, फरीदाबाद, पलवल, ग्रेटर नोएडा, नोएडा और गुरुग्राम जैसे आसपास के शहरों से भी बड़ी संख्या में ग्राहक दिल्ली के बाजारों की ओर रुख कर रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार, इस बार सोने और चांदी दोनों की मांग में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दुकानदारों का कहना है कि त्योहार से एक सप्ताह पहले ही बिक्री में उछाल देखने को मिला है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।
करोल बाग और चांदनी चौक के ज्वैलर्स का कहना है कि कुछ खरीदार चांदी की थाली, लौटा सिक्के, पायल, और बिछिया जैसी वस्तुएं खरीदना पसंद कर रहे हैं, जिन्हें शुभ माना जाता है।
वर्जन
इस बार करवा चौथ का बाजार उम्मीद से कहीं बेहतर है। पिछले साल की तुलना में करीब 20 से 25 प्रतिशत ज्यादा बिक्री हो रही है। -सुयश मित्तल, दुकानदार
बाजार में इतनी वैरायटी हैं कि तय करना मुश्किल हो रहा है कि कौन-सा गहना लिया जाए। मैं अपने लिए सोने की चूड़ियां और मां के लिए चांदी की पायल लेने आई हूं। -रानी चौधरी, ग्राहक