राजधानी में आए दिन चोरी, लूट, चेन स्नेचिंग से लेकर वाहन चोरी तक की वारदात हो रही हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस की दक्षिणी रेंज (दक्षिण व दक्षिण-पूर्व जिले) का दावा है कि उनके क्षेत्र में डकैती की वारदात में 28 फीसदी जबकि वाहन चोरी की वारदातों में 133 फीसदी की कमी आई है।
एक जनवरी से 30 जून 2025 के आंकड़े की तुलना इस अवधि के दौरान पिछले साल से की गई है। दक्षिण रेंज के पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि गरुड़, वज्र, शस्त्र और निश्चय अभियान चलाकर अपराध व अपराधियों की कमर तोड़ी गई है।
दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त एसके जैन ने बताया कि रेंज के दोनों जिलों में पिछले वर्ष के शुरुआती छह महीने के मुकाबले इस वर्ष के शुरुआती छह महीनों में हत्या के प्रयास के मामलों में 45 प्रतिशत, स्नैचिंग की वारदातों में 26 प्रतिशत, सेंधमारी और घरों में चोरी में वारदातों में 23 प्रतिशत व सामान्य चोरी की वारदातों में 11 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
1 जनवरी से 30 जून 2025 तक के आंकड़े
- दक्षिणी रेंज में 4,300 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार किए गए।
- चोरी हुए 609 मोबाइल का पता लगाकर उन्हें बरामद किया गया।
- 23 पिस्तौल, 149 देसी तमंचे, 241 कारतूस, 250 चाकू जब्त किए गए।
- 262 किलो से ज्यादा गांजा, 6.6 किलो चरस, 1.3 किलो स्मैक, मेथाक्वालोन और अन्य सिंथेटिक प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किए गए।
- 1 करोड़ से ज्यादा नकद, सोना, हीरे और चोरी के घरेलू सामान बरामद किए गए।
- राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए 421 से ज्यादा अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें निर्वासित किया गया।
- चोरी की बाइक, कार और टीएसआर सहित 350 से ज्यादा चोरी हुए वाहनों का पता लगाया गया।