राजनगर एक्सटेंशन के बाद अब जीडीए मोदीनगर के जमीनी विकास की कवायद तेज करेगा। एक्सटेंशन के साथ ही मोदीनगर का जोनल डेवलेपमेंट प्लान बनाने की प्रक्रिया जारी थी।
अब इसमें और तेजी आएगी। राजनगर का जोनल प्लान बनाने वाली कंपनी रुद्राभिषेक कंसलटेंट ही मोदीनगर का भी प्लान तैयार कर रही है। जीडीए अधिकारियों के मुताबिक कंपनी ने भौतिक सर्वे कर रिपोर्ट तैयार कर ली है।
नए साल में मोदीनगर का प्लॉन तैयार हो जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक मोदीनगर का विकास क्षेत्र करीब 825 एकड़ होगा।
शहरवासियों को अफोर्डेबल हाउसिंग के अंतर्गत सस्ते घर उपलब्ध कराने की दिशा में जीडीए लगातार प्रयास कर रहा है। बीते दिनों जीडीए वीसी ने मोदीनगर में ग्रुपहाउसिंग के अंतर्गत ईडब्लूएस-एलआईजी फ्लैट्स बनाने की घोषणा की थी।
विभिन्न विकास कार्यों, विद्युत व्यवस्था, सीवरेज व ड्रेनेज नेटवर्क, रोड्स और भावी जरूरतों के मुताबिक विकास कार्यों के मद्देनजर जीडीए बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूर किया है।
जीडीए उपाध्यक्ष संतोष यादव ने बताया कि मोदीनगर के सुनियोजित विकास के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्तमान और भावी जरूरत के लिहाज क्षेत्र में विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। जल्द ही मोदीनगर का जोनल डेवलेपमेंट प्लान तैयार किया जाएगा।
मोदीनगर महायोजना-2021
चार जोन में बटी योजना कुल 330 हेक्टेयर (करीब 825 एकड़) में प्रस्तावित है। पहला जोन एनएच-58 और बाईपास रोड के बीच मेरठ की ओर, दूसरा रोड में शहर के बीच का क्षेत्र, तीसरा एनएच-58 से पूरब-दक्षिण की ओर का पूरा क्षेत्र और चौथा एनएच-58 के पश्चिम की ओर अपर गंगा कैनाल तक है।