ओल्ड रेलवे स्टेशन पर यार्ड के पास शनिवार की सुबह एक युवक का शव थर्ड लाइन के किनारे मिला। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान गांव फतेहपुर चंदीला निवासी मनसा चौधरी के बेटे सतपाल उर्फ टीटू के रूप में हुई है। वह पत्थर मार्केट सेक्टर-21सी में किसी कोठी में गाड़ी चलाता था। जीआरपी इसे रेल हादसा मान रही है जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार सतपाल शुक्रवार की सुबह 8:30 बजे घर से ड्यूटी के लिए निकला था। रात करीब पौने ग्यारह बजे उसकी छोटे भाई जितेंद्र से बात हुई थी जिसमें उसने कहा था कि वह गाड़ी खड़ीकर आ रहा है।
उसके बाद मोबाइल बंद हो गया और रात में घर नहीं पहुंचा। शनिवार की सुबह उसका शव दिल्ली की ओर थर्ड लाइन के किनारे पड़ा मिला। गांव के कुछ लोग सुबह जब ड्यूटी पर जा रहे थे तो उन्होंने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर परिजन और जीआरपी मौके पर पहुंच गए। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम बोर्ड से करा दिया गया है जिसमें ट्रेन से टकराने की बात सामने आई है। हत्या जैसी कोई बात सामने नहीं आई। उधर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।