ओल्ड रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ थाने के सामने एक युवक महिला कोच में महिलाओं को पत्थर मारकर भाग निकला।
शोर मचाने पर भी उसे पकड़ा नहीं जा सका। ट्रेन दो मिनट तक स्टेशन पर खड़ी भी रही लेकिन जीआरपी और आरपीएफ के जवान गायब रहे।
भीड़भाड़ वाले स्टेशन पर हुई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि जीआरपी अधिकारी ने अपनी जिम्मेदारी समझने की बजाय घटना की सूचना देने वाले को ही धमकाना शुरू कर दिया।
एसपी अंबाला कमलदीप गोयल का कहना है कि वह मामले की जांच करेंगे और धमकी देेने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
कोसीकलां से नई दिल्ली होते हुए गाजियाबाद जाने वाली शटल ट्रेन 64901 बृहस्पतिवार सुबह करीब 9:40 बजे ओल्ड स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची।
बताया जाता है कि बल्लभगढ़ से एक युवक महिला कोच में चढ़ गया था। कुछ महिलाओं ने विरोध किया फिर भी वह नहीं माना।
ट्रेन जब ओल्ड स्टेशन पहुंची तो युवक महिला कोच से गलत साइड में कूद गया और महिलाओं को पत्थर मारकर भागने लगा। ट्रेन आरपीएफ के थाने के सामने खड़ी थी, महिलाओं ने शोर मचाया लेकिन किसी ने उसे पकड़ने की कोशिश नहीं की।