कान में ईयर फोन लगाकर ट्रैक पार करना एक युवक को भारी पड़ गया। न्यूटाउन स्टेशन पर मुंबई राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
मृतक मूलरूप से जिला सासाराम बिहार का रहने वाला था और भिवानी स्थित किसी निजी कंपनी में नौकरी करता था। गत 11 सितंबर को वह अपनी बहन से मिलने नंगला एंकलेव के पास बसे चाचा चौक पर आया था।
बुधवार को दिल्ली जाने के लिए उसे ट्रेन पकड़नी थी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि 23 वर्षीय सुमित कुमार बिहार के सासाराम जिले के गांव रूसी का रहने वाला था और भिवानी स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
वह 11 सितंबर को अपनी बहन से मिलने यहां आया था। बुधवार को भिवानी जाने के लिए वह न्यूटाउन स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आया था।
उन्होंने बताया कि मृतक सुबह करीब आठ बजे कान में ईयरफोन लगाकर नई दिल्ली जाने के लिए न्यूटाउन स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बने टिकट काउंटर से टिकट लेने जा रहा था।
इसी बीच ट्रैक पार करते समय मथुरा से दिल्ली की ओर जा रही मुंबई राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोगों ने शोर भी मचाया लेकिन सुमित को न तो शोर सुनाई दिया और न ही ट्रेन की आवाज।
ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि ट्रेन उसे करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए चली गई। लोको पायलट ने ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी और घटना की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने जीआरपी को सूचना दी।
ईयरफोन की वजह से हुई प्रमुख घटनाएं।
-06 मार्च 2013, मुजेसर रेलवे फाटक के पास डबुआ कॉलोनी निवासी दिलीप की ट्रेन से कटकर मौत।
-31 मार्च 2013, न्यू टाउन स्टेशन पर सेक्टर सात निवासी नेहा की ट्रेन से कटकर मौत
-नवंबर-2014 सराय फाटक के पास अब्दुल सलाम की ट्रैक पार करते हुए चपेट में आने से मौत।
-जनवरी 2016 न्यू टाउन व मुजेसर फाटक के पास लाइन पार करते हुए राजन की मौत