दिल्ली के ग्रेटर कैलाश निवासी मर्चेंट नेवी कैप्टन अनिल सरवरिया की पत्नी नीना (49) ने वैशाली सेक्टर-1 स्थित पुष्पांजलि क्रॉसले अस्पताल की आठवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। उन्हें 30 अक्तूबर से यहां भर्ती कराया गया था।
वह करीब 20 साल से मानसिक रोग से ग्रसित थीं। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या का कारण मनोरोगी होना ही माना जा रहा है।
एसओ इंदिरापुरम हरिदयाल यादव ने बताया कि ग्रेटर कैलाश निवासी नीना ने 29 अक्तूबर की रात घर में ही 20 से ज्यादा नींद की गोलियां खा ली थीं। इसके बाद उन्हें दिल्ली के मूलचंद अस्पताल ले जाया गया।
वहां आईसीयू में बेड कम होने के कारण उन्हें 30 अक्तूबर की सुबह वैशाली के पुष्पांजलि अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।
शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अस्पताल के कमरे में सो रही थीं। पति अनिल की भी आंख लग गई। नीना बाहर कॉरिडोर में वॉक करने लगीं।
इसके बाद वह सीढ़ियों के रास्ते अस्पताल की निर्माणाधीन आठवीं मंजिल में पहुंच गईं और खिड़की पर लगी ग्रिल के ऊपर से बिल्डिंग के बाहर बने गार्डन के फुटपाथ पर कूद पड़ीं। सिर में गंभीर चोटें लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मनोचिकित्सा विभाग के एचओडी डा. आनंदी लाल ने बताया कि नीना करीब 20 साल से बाईपोलर डिसआर्डर से ग्रसित थीं। इस प्रकार के रोगी अचानक उत्तेजना होने पर खुद को खत्म करने जैसा कदम उठा लेते हैं।