दिल्ली के नरेला में चावल कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर आठ हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े डकैती डाली। परिवार को जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने घर से लाखों रुपये के जेवरात व नगदी लूट ली। फरार होते वक्त परिवार ने एक बदमाश को पकड़ लिया।
बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। नरेला थाना पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक चावल व्यवसायी सुरेश बंसल परिवार के साथ नरेला में रहते हैं। ग्राउंड फ्लोर पर इनका गोदाम है, जबकि पहली मंजिल पर परिवार रहता है।
बुधवार दोपहर आठ बदमाश जबरन इनके घर में घुस गए। बदमाशों ने नीचे काम कर रहे कुछ मजदूरों व ऊपर सुरेश के परिवार को बंधक बना लिया। बदमाश 10 लाख रुपये की मांग करने लगे।
बदमाशों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। सुरेश ने घर में रखी नगदी और जेवरात बदमाशों के हवाले कर दिए। माल समेट कर जब बदमाश जाने लगे तो शोर मचाने पर पड़ोसियोें की मदद से सुरेश के परिवार ने एक बदमाश को हथियार समेत दबोच लिया।