उत्तरी जिला के स्पेशल स्टाफ ने छेनू पहलवान गिरोह के हथियार सप्लायर कमर अब्बास उर्फ कमरुल (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चार पिस्टल व 18 कारतूस बरामद किए हैं। इनमें नासिर गैंग के सदस्य हसन उर्फ सूफी उर्फ कलुआ की हत्या में इस्तेमाल हथियार भी शामिल हैं।
उसकी दो माह पूर्व कमर के रिश्ते के भाई अनवर उर्फ राजू उर्फ बेचैन ने न्यू उस्मानपुर इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद अनवर व उसके साथी रिजवान ने कमर के घर पनाह ली थी। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी कमर को सौंप दिए थे। पुलिस कमर से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि शुक्रवार को उनकी टीम को सूचना मिली थी कि छेनू पहलवान गैंग का हथियार तस्कर यमुना बाजार हनुमान मंदिर के पास आने वाला है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर सुनील कुमार की टीम ने शाम करीब 7.40 बजे स्कूटर सवार आरोपी कमर को छानबीन के लिए रोका।
इस दौरान उसके स्कूटर की डिक्की से चार पिस्टल व 18 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद हथियार उसके रिश्ते के भाई अनवर उर्फ राजू के हैं। न्यू उस्मानपुर में कलुआ की हत्या करने के बाद अनवर व रिजवान उसके घर पर तीन-चार दिन रुके थे। उन्होंने यह हथियार कमर को देकर अपने पास रखने के लिए कहा था। कमर ने इन हथियारों को अन्य हथियारों के साथ अपने स्कूटर की डिक्की में रखा हुआ था।