महाभारत की नगरी कुरुक्षेत्र से प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती का आगाज कर दिया है, मगर प्रदेश की भाजपा सरकार इसे केवल एक जगह और दायरे में सीमित नहीं रखना चाहती है। लोगों तक गीता का ज्ञान और श्रीकृष्ण का उपदेश जन-जन तक पहुंचाने का बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।
अब प्रदेश की दीवारें गीता का संदेश लोगों को देंगी। इसके लिए साइबर सिटी में दीवारों पर रंग-रोगन कर महाभारत का चित्रण शुरू कर दिया है। इन पर श्लोक लिखवाए जाएंगे। सत्ता में आने से पहले ही भाजपा के एजेंडे में गीता शामिल रही है।
गीता का संदेश पहुंचाने के लिए पिछले वर्ष पहली बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव शुरू किया गया था। इस बार फिर बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज कुरुक्षेत्र में 6 दिसंबर से किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में 8 से 10 दिसंबर तक गीता महोत्सव मनाने का फरमान प्रदेश सरकार ने दिया है।
प्रदेश सरकार की ओर से सभी नगर निगम को अपने-अपने क्षेत्र की दीवारों पर गीता का संदेश पहुंचाने का आदेश दिया गया है। प्रशासनिक अमला अब उपदेश को आमजन तक पहुंचाने में जुट गया है। साइबर सिटी की दीवारों पर सुदर्शन चक्र के साथ गीता का संदेश लिखने के लिए मुंबई से चित्रकारों को बुलाया गया है।