एनएच-58 पर रविवार रात ट्रक ने बाइक सवार दिल्ली पुलिस के दरोगा शिव कुमार और उनके दोस्त असिस्टेंट पोस्टल मनोज को पीछे से टक्कर मारी। हादसे में दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई, दोस्त की हालत गंभीर है।
पुलिस का दावा है कि ट्रक चालक हादसे के वक्त नशे में था। जबकि ट्रक चालक का कहना है कि बाइक को एक कैंटर ने टक्कर मारी थी, दरोगा ट्रक के पहिये के नीचे आ गए।
पुलिस ने बताया कि हादसे के वक्त दरोगा ने हेलमेट नहीं पहना था। मनोज का कहना है कि वे मूवी वर्ल्ड से ‘गब्बर इज बैक’ देखकर निकले थे। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
शिव कुमार (30) शिब्बनपुरा गली नंबर-3 में रहते थे। 2013 में उनकी ज्वाइनिंग दिल्ली पुलिस में दरोगा के पद पर हुई थी। दिसंबर 2013 में दिल्ली के कृष्णानगर निवासी मीना से उनकी शादी हुई थी। इनके चार माह की बेटी सृष्टि है।
शिवकुमार रविवार को दोस्त मनोज निवासी बौंझा पटेल नगर के साथ राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक शादी समारोह में जाने के लिए घर से निकले थे।
मनोज राजनगर स्थित पोस्ट ऑफिस में असिस्टेंट पोस्टल के पद पर कार्यरत हैं। रात एक बजकर पांच मिनट पर पुलिस ने कॉल कर शिवकुमार के छोटे भाई अमित को हादसे की सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, शिवकुमार और मनोज दोनों मेरठ रोड की ओर से आ रहे थे, मूवी वर्ल्ड के पास पीछे से आ रहे मीट से लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी। हादसे के बाद शिवकुमार ट्रक के पहिये के नीचे आ गए।
ट्रक की चपेट में आने से शिवकुमार को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही मौत हो गई। मनोज को पुराना बस अड्डा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिवकु मार के भाई अमित ने एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस ने ट्रक चालक फरहीन निवासी खरखौदा, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया है। वह ट्रक में मीट भरकर मेरठ से साहिबाबाद में सप्लाई के लिए ले जा रहा था।
मनोज का दावा है कि हादसे के बाद उसकी याददाश्त कमजोर पड़ गई है। इतना याद है कि सी-ब्लाक पटेल नगर में एक शादी समारोह में हम दोना करीब सात बजे गए थे, वहां खाना खाया।
इसके बाद मूवी वर्ल्ड में गए। उनकी जेब से ‘गब्बर इज बैक’ फिल्म के टिकट निकले हैं। शायद उन्होंने फिल्म देखी, हालांकि उन्हें एक भी स्क्रीन शॉट याद नहीं है।
ग्वालियर दबिश देने भी जाना था
पड़ोसी दोस्त गुरनाम सिंह ने बताया कि उन्हें शिवकुमार के साथ साहिबाबाद स्थित सेलिब्रेशन फार्म हाउस में एक दोस्त की शादी में जाना था। दोपहर को उन्हीं घर पर शिवकुमार ने खाना खाया था।
रात को गुरनाम ने कॉल किया तो शिवकुमार ने बताया कि वह आईपीएल मैच देख रहा है, थोड़ी देर बाद समारोह में चलेंगे। इसके बाद शिवकुमार मनोज के साथ चला गया।
देर रात तक गुरनाम ने शिवकुमार का इंतजार किया, लेकिन जब शिवकुमार नहीं आए तो वह सो गया, रात करीब सवा बजे अमित ने कॉल कर गुरनाम को हादसे की सूचना दी तो वह सन्न रह गया। शिवकुमार ने रविवार की छुट्टी ली थी, उसका प्लान ग्वालियर में दबिश पर जाने का था।
ऑटो पलटा, एक की मौत, एक घायल
एनएच-24 पर सोमवार सुबह एक ऑटो पलट गया। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, दूसरा घायल हो गया। घायल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
पुलिस के मुताबिक, ऑटो में इटावा निवासी कुलदीप और हिमांशु बैठे थे। हादसा राहुल विहार फर्स्ट के पास एनएच-24 पर हुआ। कुलदीप की मौत हो गई। ससुर राजपाल ने तहरीर दी है। एसओ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
ट्रक ने बाइक सवार मोटर मैकेनिक को रौंदा, जाम
एनएच-24 पर बेकाबू ट्रक ने सोमवार सुबह बाइक सवार मोटर मैकेनिक को कुचल दिया। हादसे में मोटर मैकेनिक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक भाग गया। एनएच-24 पर जाम लग गया।
पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस का दावा है कि ट्रक की चपेट में आकर लोकल हेलमेट टूट गया। ब्रांडेड हेलमेट होता तो जान बच सकती थी। अज्ञात चालक के खिलाफ कविनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
ग्रेटर नोएडा स्थित गढ़ी चौखंडी निवासी मोनू (22) पुत्र रामवीर सिंह मेरठ से घर लौट रहा था। आत्माराम स्टील तिराहे से एनएच-24 से होकर ग्रेटर नोएडा जा रहा था।
आत्माराम स्टील तिराहे के पास पीछे से एक ट्रक ने मोनू को बाइक समेत रौंद दिया। मोनू ने हेलमेट पहना था, लेकिन वह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक हादसे के बाद ट्रक छोड़कर भाग गया। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
मोनू की जेब से मिले कागजों के जरिये परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि मोनू की बहन निर्मला की तबियत खराब है।
मोनू पत्नी सविता और बेटे अखिल को निर्मला की ससुराल मेरठ के इंचौली में छोड़कर घर लौट रहा था। मोनू नोएडा सेक्टर-65 में मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।