-बहनें दूर बैठे भाइयों को घर से ही भेज रही राखी
-ऑनलाइन सुविधा के कारण राखी बाजार हुए प्रभावित
-बाजार में 8 से 10 हजार तक की डिजाइनर राखियां हैं मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। इस बार राखी पर ऑनलाइन खरीदारी का चलन बढ़ा है, जिससे दूर बैठे भाई-बहनों के लिए राखी भेजना आसान हो गया है। बहनें घर बैठे ही विभिन्न ऑनलाइन साइटों और ब्लिंकिट के माध्यम से राखियां खरीदकर दूसरे शहरों में भाइयों को भेज रही हैं। इससे स्थानीय राखी बाजारों पर असर पड़ा है।
कृष्णा नगर की रश्मि ने हैदराबाद में अपने भाई के लिए ऑनलाइन राखी भेजी है। उनके भाई आईटी कंपनी में काम करते हैं और छुट्टी न मिलने के कारण घर नहीं आ पाएंगे। प्रीत विहार की सुनीता ने लखनऊ में रहने वाले भाई को राखी भेजी। सीलमपुर की सुधा ने केरल में अपने भाई को राखी भेजी, जो उसे मिल भी गई है। ऑनलाइन सुविधा के कारण शाहदरा, मौजपुर, कृष्णा नगर और भजनपुरा जैसे प्रमुख बाजारों में राखी की बिक्री कम हुई है। स्थानीय दुकानदार कारोबार में नुकसान की आशंका जता रहे हैं।
शाहदरा मार्केट के राखी विक्रेता राजू यादव ने बताया कि बाजार में आठ से दस हजार रुपये तक की डिजाइनर राखियां मौजूद हैं। बच्चों के लिए म्यूजिक घड़ी, मोटू पतलू, लड्डू गोपाल, फाइटर जेट और फायरमैन जैसी राखियां पसंद की जा रही हैं। ब्रेसलेट लुक वाली राखियां भी खूब बिक रही हैं।