-दाखिला के लिए बची है करीब दो हजार सीटें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के नॉन कॉलिजिएट वीमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में दाखिला के लिए बीए और बीकॉम प्रोग्राम की सोमवार को तीसरी कटऑफ जारी की जाएगी। पहली और दूसरी कटऑफ में करीब 13 हजार सीटों पर दाखिला हो चुके हैं। दोनों प्रोग्राम में दाखिले को लेकर कुल 15200 सीट है।
एनसीवेब की निदेशक प्रो. गीता भट्ट ने बताया कि दाखिले के लिए ज्यादातर केंद्रों में सीट भर चुकी है। हालांकि कुछ केंद्रों में दाखिले के लिए मौका है। कुछ श्रेणी में सीटें अभी खाली पड़ी है। इस बार दाखिले को लेकर कुल 21500 आवेदन मिले थे। सोमवार को तीसरी कटऑफ जारी होने के बाद केंद्रों में दाखिला मंगलवार से शुरू होंगे और बुधवार रात 11:59 तक सुनिश्चित करवा सकेंगे। जबकि कॉलेजों को दाखिला की औपचारिकताएं 13 अगस्त शाम पांच बजे तक पूरी करनी होगी। इसके लिए फीस का भुगतान 14 अगस्त शाम पांच बजे तक किया जा सकेगा।
सीट बचने की स्थिति में स्पेशल कटऑफ जारी होगी। उसके बाद भी सीट खाली रह जाएंगी तो स्पेशल ड्राइव चलाकर सीटों को भरेंगे। दाखिला की पूरी प्रक्रिया 13 सितंबर को खत्म होगी। एनसीवेब के 26 कॉलेज केंद्रों में पढ़ाई होती है। इसमें हंसराज और मिरांडा हाउस कॉलेज भी शामिल है। इन केंद्रों पर बीए और बीकॉम प्रोग्राम को पढ़ाया जाता है।